Ahmedabad plane crash Vijay Rupani considered 1206 a lucky number विजय रुपाणी मानते थे 1206 को लकी नंबर लेकिन... नियति ने गजब खेल कर दिया!, Gujarat Hindi News - Hindustan
Hindi Newsगुजरात न्यूज़Ahmedabad plane crash Vijay Rupani considered 1206 a lucky number

विजय रुपाणी मानते थे 1206 को लकी नंबर लेकिन... नियति ने गजब खेल कर दिया!

गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी का निधन अहमदाबाद प्लेन क्रैश में हो गया। रुपाणी 1206 को अपना लकी नंबर मानते थे।

Anubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबादFri, 13 June 2025 05:25 AM
share Share
Follow Us on
विजय रुपाणी मानते थे 1206 को लकी नंबर लेकिन... नियति ने गजब खेल कर दिया!

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए 1206 सिर्फ एक नंबर नहीं, बल्कि उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा था। उनकी स्कूटर हो या कार, हर गाड़ी की नंबर प्लेट पर 1206 होता था। दोस्त बताते हैं कि यह नंबर उनकी जिंदगी का लकी चार्म था। लेकिन नियति ने इसे एक क्रूर मोड़ दे दिया। 12 जून यानी 12/06, वही तारीख जो उनकी जिंदगी का आखिरी दिन बन गई। अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही पल बाद क्रैश हो गई। रूपाणी अपनी पत्नी और बेटी से मिलने जा रहे थे, लेकिन उनकी यह यात्रा अधूरी रह गई।

पंजाब बीजेपी के प्रभारी और पूर्व सीएम रूपाणी ने लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के लिए अपनी यूके यात्रा को 5 जून से 12 जून तक टाल दिया था। पंजाब बीजेपी प्रमुख सुनील जाखड़ ने कहा, "यह बहुत दुखद है। नियति का खेल देखिए, वह उस दिन हादसे का शिकार हो गए। वह अपनी पत्नी के साथ 5 जून को जाने वाले थे, लेकिन उपचुनाव के लिए प्रचार करने के कारण उन्होंने यात्रा टाल दी।"

राजकोट की गलियों में बस्ता था 'विजयभाई' का दिल

राजकोट, वह शहर जो रूपाणी का घर था, आज उनके जाने से सन्नाटे में डूबा है। वह सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक पड़ोसी, एक भाई, एक दोस्त थे। स्थानीय निवासी संजय मेहता की आंखें नम हो आईं जब उन्होंने कहा, "विजयभाई बड़े नेता थे, लेकिन दिल के इतने करीब कि कोई फर्क ही नहीं लगता था। हमेशा मुस्कुराते, हमेशा मदद को तैयार।" रूपाणी ने राजकोट को नया एयरपोर्ट और एम्स जैसे तोहफे दिए, लेकिन उनकी सादगी और अपनापन ही लोगों के दिलों में बस्ता था।

शोक में डूबा देश, टूटा परिवार

रूपाणी के निधन पर हर तरफ से शोक की लहर दौड़ गई। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। राहत और बचाव कार्यों में शामिल अधिकारियों ने पुष्टि की कि वह इस हादसे में नहीं बचे। उनके भतीजे मेहुल रूपाणी ने बताया, "हमारा परिवार इस सदमे से उबर नहीं पा रहा। अंजलि आंटी और उनकी बेटी लंदन से लौट रही हैं। अमेरिका से भी रिश्तेदार आ रहे हैं। सरकार के निर्देशों के मुताबिक हम उनके पार्थिव शरीर को लेने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।"

रूपाणी के निजी सहायक शैलेश मंडलिया ने कहा, "मैंने उन्हें एयरपोर्ट छोड़ा और कुछ ही मिनटों बाद यह दिल दहला देने वाली खबर मिली।"

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।