G7 को G9 बनाना चाहते हैं डोनाल्ड ट्रंप, इन दो देशों का सुझाया नाम, पुतिन हो जाएंगे खुश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कनाडा पहुंचे थे। हालांकि मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच तनाव बढ़ने के बाद वह यह दौरा बीच में ही छोड़कर अमेरिका रवाना हो गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के बीच बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा है कि सात देशों के इस समूह का विस्तार करना चाहिए। उन्होंने G7 को G8 या G9 बनाने का सुझाव दिया है। कनाडा के कनानास्किस में G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे ट्रंप ने कहा कि रूस और चीन को भी इस समूह का नया सदस्य बनाया जाना चाहिए। इस दौरान वह दुनिया के सबसे ताकतवर देशों के इस समूह से निकाले जाने पर पुतिन के साथ सहानुभूति दिखाते भी नजर आए।
ट्रंप ने इस दौरान कहा कि अगर रूस को इस समूह से बाहर नहीं किया गया होता तो रूस यूक्रेन पर कभी आक्रमण नहीं करता और यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता। वहीं ट्रंप ने एक बार फिर रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग के लिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को दोषी ठहराया है।
पुतिन का हुआ अपमान- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, “G7 पहले G8 हुआ करता था। बराक ओबामा और ट्रूडो रूस को इसमें नहीं रखना चाहते थे। और मैं कहूंगा कि यह एक गलती थी क्योंकि मुझे लगता है कि अगर रूस इसमें शामिल होता तो अभी युद्ध नहीं हो रहा होता।” ट्रंप ने आगे कहा कि पुतिन जब G8 से बाहर निकाले गए तो उन्हें बहुत अपमानित महसूस हुआ।
रूस को किया गया था बाहर
बता दें कि 1997-2014 के दौरान इस समूह को G8 के रूप में जाना जाता था। रूस इस समूह का प्रमुख सदस्य था। हालांकि 2014 में यूक्रेन पर आक्रमण और क्रीमिया पर कब्जा करने के बाद रूस को इस समूह से निष्कासित कर दिया गया था। फिलहाल कनाडा, फ्रांस, इटली, जापान, जर्मनी, अमेरिका और ब्रिटेन इस समूह का हिस्सा हैं।
चीन की भी वकालत
ट्रंप ने चीन को भी इस समूह का हिस्सा बनाए जाने की वकालत की। ट्रंप ने कहा कि चीन को शामिल करने का विचार बुरा नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर कोई चीन को शामिल करने का सुझाव देना चाहता है तो यह कोई बुरी बात नहीं है, बशर्ते ऐसे देश बातचीत के लिए तैयार हों।"
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।